ANN Hindi

SECI ने अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 60 गीगावाट बिजली बिक्री समझौतों का मील का पत्थर पार किया, जिससे भारत के स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण का मार्ग प्रशस्त हुआ

भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अंतर्गत नवरत्न केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उद्यम सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड ने नवीकरणीय ऊर्जा (आरई) क्षमता के 60 गीगावाट (जीडब्ल्यू) से अधिक बिजली बिक्री समझौतों (पीएसए) को निष्पादित करने की उपलब्धि हासिल की है। यह स्वच्छ एवं टिकाऊ ऊर्जा भविष्य की दिशा में राष्ट्र की प्रगति में एक महत्वपूर्ण कदम है और देश भर में नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग की सकारात्मक प्रवृत्ति को दर्शाता है।

बिजली बिक्री समझौते सौर, पवन और हाइब्रिड ऊर्जा परियोजनाओं के विविध पोर्टफोलियो को कवर करते हैं, जो सामूहिक रूप से भारत की बढ़ती नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता का एक महत्वपूर्ण हिस्सा दर्शाते हैं। इन समझौतों के माध्यम से, SECI उत्पादित बिजली की दीर्घकालिक खरीद की गारंटी देता है, डेवलपर्स और निवेशकों को भुगतान सुरक्षा प्रदान करता है, जबकि देश में नवीकरणीय ऊर्जा उपक्रमों की व्यवहार्यता का प्रदर्शन करता है। भारत के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की पूरी क्षमता को अनलॉक करने के लिए ऐसी दीर्घकालिक व्यवस्थाएँ महत्वपूर्ण हैं। नवीकरणीय ऊर्जा के लिए उठाव सुनिश्चित करके, SECI नवीकरणीय ऊर्जा बाजार को मजबूत करता है, डेवलपर्स और वित्तीय हितधारकों को आकर्षित करता है, और भारत की कम कार्बन अर्थव्यवस्था के लिए पूंजी के प्रवाह को सुविधाजनक बनाता है।

SECI के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक श्री संतोष कुमार सारंगी ने कहा, “स्थापना के मात्र चौदह वर्षों के भीतर 60 गीगावाट मूल्य के विद्युत विक्रय समझौतों पर हस्ताक्षर करना SECI की यात्रा के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है। SECI यह सुनिश्चित करने में सबसे आगे है कि भारत अपने महत्वाकांक्षी स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ता रहे। हमें एक टिकाऊ और कम कार्बन भविष्य की ओर देश के संक्रमण में योगदान करने पर गर्व है।”

भविष्य की पहलों में नवीन ऊर्जा भंडारण समाधानों, नवीकरणीय ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने, हरित हाइड्रोजन और हरित अमोनिया के उत्पादन को आगे बढ़ाने के साथ-साथ नवीन बिजली आपूर्ति मॉडल पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। ये प्रयास नवीकरणीय ऊर्जा संक्रमण को गति देंगे और भारत की जलवायु प्रतिबद्धताओं का समर्थन करेंगे।

****

 नवीन श्रीजीत

Share News Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!