ANN Hindi

वन क्षेत्र के मामले भारत विश्व में 9वें स्थान पर पहुंचा; वार्षिक वन क्षेत्र वृद्धि में भारत तीसरे स्थान पर कायम

खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) द्वारा बाली में जारी वैश्विक वन संसाधन मूल्यांकन (जीएफआरए) 2025 के अनुसार भारत ने वैश्विक पर्यावरण संरक्षण में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारत कुल वन क्षेत्र के मामले में विश्व में 9वें स्थान पर पहुंच गया है।

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने ‘एक्स’ पर एक सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी जानकारी दी।

श्री यादव ने कहा कि यह उल्लेखनीय प्रगति प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों की सफलता को रेखांकित करती है, जिनका उद्देश्य वन संरक्षण, वनीकरण और समुदाय के नेतृत्व में पर्यावरणीय कार्रवाई करना है।

प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ के आह्वान और पर्यावरण चेतना पर उनके निरंतर जोर ने पूरे देश में लोगों को वृक्षारोपण और संरक्षण में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया है।

यह बढ़ती जनभागीदारी एक हरित और टिकाऊ भविष्य के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा दे रही है। श्री यादव ने कहा कि यह उपलब्धि मोदी सरकार की वन संरक्षण और संवर्धन हेतु योजनाओं एवं नीतियों तथा राज्य सरकारों द्वारा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण प्रयासों के फलस्वरूप प्राप्त हुई है।

 

Share News Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!