बैठक में भारत में विदेशी बैंकों की शाखाओं, प्रतिनिधि कार्यालयों और सहायक कंपनियों की स्थापना पर विचार-विमर्श किया गया
वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग के सचिव श्री एम. नागराजू ने आज अंतर-विभागीय समिति (आईडीसी) की बैठक की अध्यक्षता की। इसमें सदस्य मंत्रालय/विभाग, जैसे गृह मंत्रालय (एमएचए), विदेश मंत्रालय (एमईए), वाणिज्य विभाग (डीओसी) और भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) शामिल थे।
अंतर-विभागीय समिति (आईडीसी) ने भारत में विदेशी बैंकों की शाखाओं, प्रतिनिधि कार्यालयों और सहायक कंपनियों की स्थापना से संबंधित भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) से प्राप्त प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के लिए यह बैठक बुलाई थी। इसके साथ ही, समिति ने इसी तरह की व्यवस्थाओं के माध्यम से विदेशों में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के इच्छुक भारतीय बैंकों के प्रस्तावों की भी समीक्षा की।
इसके अलावा, आईडीसी ने विदेशी बैंकों द्वारा भारत में अपनी मौजूदा शाखाओं को स्थानांतरित करने के अनुरोधों की भी जाँच की। उचित विचार-विमर्श के बाद, समिति ने अपने समक्ष रखे गए प्रस्तावों की अनुशंसा की।
आईडीसी वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के अधीन कार्य करता है, जो विदेशी और घरेलू दोनों बैंकों के ऐसे प्रस्तावों के मूल्यांकन के लिए नोडल प्राधिकरण के रूप में कार्य करता है। अपनी सिफारिशों पर पहुँचने से पहले, समिति गृह मंत्रालय (एमएचए), विदेश मंत्रालय (एमईए) और वाणिज्य विभाग (डीओसी) सहित सदस्य मंत्रालयों के साथ परामर्श करती है ताकि एक व्यापक और सर्वसम्मति-आधारित दृष्टिकोण सुनिश्चित किया जा सके।









