भारत सरकार का महिला एवं बाल विकास मंत्रालय कल (26 दिसंबर 2025) को राष्ट्रीय स्तर पर वीर बाल दिवस मनाएगा, जिसमें भारत के युवा नायकों के साहस, बलिदान और अनुकरणीय मूल्यों को याद किया जाएगा। इसी दिन, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (पीएमआरबीपी) प्रदान किया जाएगा।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष वीरता, कला एवं संस्कृति, पर्यावरण, सामाजिक सेवा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा खेल के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धि प्राप्त करने वाले बच्चों को दिया जाने वाला एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान है। वर्ष 2025 में, 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 20 बच्चों को इस सम्मान के लिए चुना गया है। ये पुरस्कार भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा 26 दिसंबर 2025 को सुबह 10:00 बजे विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किए जाएंगे।
वीर बाल दिवस 2025 का राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम 26 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। इस राष्ट्रीय समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी उपस्थित रहेंगे और भारत के बच्चों और युवाओं को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवा नागरिकों की भूमिका पर बल देंगे। कार्यक्रम में वीरता, दृढ़ता और निस्वार्थ सेवा की कहानियों को प्रस्तुत किया जाएगा, जो बच्चों और युवाओं को प्रेरित करेंगी और भारत सरकार की विकसित भारत@2047 के अनुरूप सशक्त और जिम्मेदार नागरिकों के पोषण के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराएंगी। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी स्वागत भाषण देंगी।
इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चे, पीएमआरबीपी पुरस्कार विजेता और देश भर के गणमान्य व्यक्ति भाग लेंगे। भारत की समृद्ध सभ्यतागत विरासत और वीरता की भावना को प्रदर्शित करने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ समारोह का अभिन्न अंग होंगी।
वीर बाल दिवस 2025 – एक राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम, 26 दिसंबर 2025 को दोपहर 12:30 बजे से एनआईसी वेबकास्ट, डीडी न्यूज और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारित किया जाएगा, जिससे देशव्यापी भागीदारी संभव हो सकेगी।







