ANN Hindi

ब्रिक्स देशों के युवा कार्य एवं खेल मंत्रियों की बैठक 22 और 23 अगस्त, 2026 को विशाखापत्तनम में होगी

डॉ. मनसुख मांडविया 11 ब्रिक्स देशों के युवा कार्य और खेल मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता करेंगे

ब्रिक्स खेल मंत्रियों की बैठक में खेल प्रौद्योगिकी सहयोग और खेल विनिर्माण पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा

ब्रिक्स युवा कार्य मंत्रियों की बैठक में युवा विकास और सशक्तिकरण में सहयोग को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में 22 और 23 अगस्त, 2026 को क्रमशः ब्रिक्स युवा कार्य मंत्रियों की बैठक और ब्रिक्स खेल मंत्रियों की बैठक होगी। इन मंत्रिस्तरीय बैठकों में ब्रिक्स के सभी 11 सदस्य देशों के मंत्री और प्रतिनिधिमंडल प्रमुख एकजुट होंगे और युवा कार्य तथा खेलों में सहयोग को मजबूत करेंगे।

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 “सुदृढ़ीकरण, नवाचार, सहयोग और निरंतरता के लिए निर्माण” विषय द्वारा निर्देशित है, जो जन-केंद्रित है और मानवता-प्रथम के दृष्टिकोण को दर्शाता है।

मंत्रिस्तरीय बैठकें भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान हुई बैठकों और चर्चाओं पर आधारित होंगी और ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेंगी।

इन बैठकों की अध्यक्षता केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया करेंगे। युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे भी इस कार्यवाही में भाग लेंगी।

 

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी इस मंत्रिस्तरीय कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे। इसमें युवा कार्यक्रम सचिव श्री सुनील पालीवाल और खेल सचिव श्री हरि रंजन राव भी शामिल हैं।

 

इस आधिकारिक कार्यक्रम में युवा कार्यक्रम मंत्रियों की बैठक के दौरान डॉ. मांडविया कंट्री स्टेटमेंट देंगे और श्रीमती रक्षा खडसे समापन भाषण देंगी।

22 अगस्त को होने वाली ब्रिक्स युवा कार्य मंत्रियों की बैठक में युवा विकास और सशक्तिकरण में सहयोग को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिसमें शिक्षा, कौशल, उद्यमिता, कल्याण और सतत विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

 

इस बैठक में ब्रिक्स युवा परिषद की बैठक और ब्रिक्स युवा शिखर सम्मेलन से उभरने वाली प्रमुख सिफारिशों पर विचार किया जाएगा और ब्रिक्स की क्रमिक अध्यक्षताओं के तहत सहयोग के संभावित क्षेत्रों की पहचान की जाएगी।

इस बैठक के समापन पर ब्रिक्स युवा मंत्रिस्तरीय संयुक्त घोषणा और ब्रिक्स युवा सहयोग ढांचा अपनाने की उम्मीद है।

23 अगस्त को होने वाली ब्रिक्स खेल मंत्रियों की बैठक में ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों के खेल मंत्री और प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख एक साथ आएंगे और खेलों में सहयोग को मजबूत करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करेंगे।

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत खेल ट्रैक ने पारंपरिक और स्वदेशी खेलों, खेल प्रौद्योगिकी, खेल विनिर्माण और संयुक्त घोषणा को अंतिम रूप देने सहित क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया है।

बैठक का समापन ब्रिक्स खेल संयुक्त घोषणापत्र को अपनाने के साथ होगा।

इस कार्यक्रम में ब्रिक्स मैत्री साइकिलिंग प्रतियोगिता, ब्रिक्स के सभी 11 सदस्य देशों के प्रतिनिधियों की ओर से कंट्री स्टेटमेंट, द्विपक्षीय बैठकें और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शामिल होंगे।

खेल मंत्रियों की बैठक में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों के बयान शामिल होंगे, जिसके बाद संयुक्त घोषणा को अपनाया जाएगा।

 

ये दो मंत्रिस्तरीय बैठकें ब्रिक्स देशों को संस्थागत सहयोग को मजबूत करने, अनुभवों और सर्वोत्तम तौर-तरीकों का आदान-प्रदान करने और भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत युवा विकास और खेल में साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेंगी।

Share News Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!