प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज बिश्केक में एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के राष्ट्रपति महामहिम डॉ. मसूद पेज़ेशकियान के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की। उन्होंने पश्चिम एशिया संघर्ष में हाल के घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया और बदलती स्थिति पर अपने विचार साझा किए। प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर चिंता व्यक्त की और भारत के इस सुस्थापित रुख को दोहराया कि सभी मुद्दों का समाधान संवाद और कूटनीति के माध्यम से ही होना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर भी जोर दिया। नौवहन और वाणिज्य की स्वतंत्रता की रक्षा करने का आह्वान करते हुए, उन्होंने इस बात पर बल दिया कि नागरिकों और नागरिक अवसंरचना, जिसमें वाणिज्यिक जहाजरानी और नाविक शामिल हैं, को किसी भी परिस्थिति में नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स और एससीओ सहित बहुपक्षीय संगठनों में ईरान के साथ घनिष्ठ सहयोग करने के लिए भारत की तत्परता को दोहराते हुए कहा कि वह ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति पेज़ेशकियान का भारत में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।









