सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान 6.0 का संचालन करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों और टोल प्लाजा की स्वच्छता और रखरखाव में सुधार करना है। इस अभियान का उद्देश्य लंबित मामलों को कम करना, रिकॉर्ड प्रबंधन को सुदृढ़ करना, ई-अपशिष्ट के जिम्मेदार निपटान को बढ़ावा देना और मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण के अंतर्गत आने वाले संगठनों में कार्यालय स्थलों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना है।
यह अभियान दो चरणों में कार्यान्वित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 15 से 30 सितंबर 2026 तक तैयारी के चरण को संचालित किया जाएगा। मुख्य अभियान अवधि (2 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ) के दौरान किए जाने वाले स्वच्छता अभियानों, अप्रचलित वस्तुओं के निपटान और अन्य गतिविधियों के लिए लक्ष्यों की पहचान और तैयारी संबंधी गतिविधियों पर केंद्रित है।
विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्गों, विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में अपशिष्ट हटाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे; टोल प्लाजा और अन्य स्थानों पर शौचालय ब्लॉकों का नवीनीकरण किया जाएगा; चालू शौचालयों की सफाई और रखरखाव किया जाएगा और टोल प्लाजा के रखरखाव में समग्र सुधार किया जाएगा। इस अभियान में टोल प्लाजा की स्वच्छता, रंगाई, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सौर ऊर्जा का उपयोग, सड़क संकेतों की स्थापना और सुधार, सड़क चिह्नों की दृश्यता में सुधार और राष्ट्रीय राजमार्गों को गड्ढामुक्त बनाना आदि गतिविधियां भी शामिल होंगी।
इस अभियान के अंतर्गत, मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्ग के 50 किलोमीटर लंबे हिस्से की पहचान की है, जिसमें एक टोल प्लाजा भी शामिल है, जिस पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। मुख्यालय से अधिकारियों को चिन्हित हिस्सों का निरीक्षण करने और स्वच्छता एवं सुधार उपायों के प्रभाव का आकलन करने के लिए तैनात किया जाएगा। नामित अधिकारी निर्धारित हिस्सों का दौरा करेंगे, कमियों की पहचान करेंगे और उन्हें भौगोलिक रूप से चिह्नित करेंगे, तथा सुधार कार्यों की प्रगति की निरंतर निगरानी करेंगे। वे यह भी सुनिश्चित करेंगे कि अभियान अवधि के दौरान पहचानी गई कमियों का समय पर समाधान हो और राष्ट्रीय राजमार्ग की स्वच्छता, सुरक्षा और समग्र रखरखाव में सुधार हो।
मंत्रालय ने मुख्यालय, क्षेत्रीय कार्यालयों, कार्यक्रम कार्यान्वयन इकाइयों, कार्यक्रम निदेशकों और अन्य फील्ड कार्यालयों सहित सभी अभियान कार्यालयों को विशेष अभियान 6.0 के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए समन्वित प्रयास करने और दृश्यमान और स्थायी परिणाम सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया है।
मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण के अंतर्गत आने वाले संगठनों के लिए नोडल अधिकारियों को मनोनीत किया गया है। ये अधिकारी अपने-अपने संगठनों में अभियान के कार्यान्वयन का समन्वय और पर्यवेक्षण करेंगे तथा नियमित रूप से मंत्रालय को प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। संयुक्त सचिव (समन्वय) को मंत्रालय और उसके संगठनों में विशेष अभियान 6.0 के समग्र समन्वय के लिए नोडल अधिकारी के रूप में मनोनीत किया गया है।
विशेष अभियान 6.0 की प्रगति की नियमित समीक्षा संयुक्त सचिव (समन्वयक) द्वारा अभियान कार्यालयों के नोडल अधिकारियों के साथ की जा रही है। मंत्रालय के सचिव भी साप्ताहिक वरिष्ठ अधिकारियों की बैठकों के दौरान तैयारी चरण की प्रगति की नियमित समीक्षा कर रहे हैं।
विशेष अभियान 6.0 के माध्यम से, मंत्रालय राष्ट्रीय राजमार्गों और टोल प्लाजा को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर रखरखाव बनाए रखने को सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है, साथ ही अपने सभी संगठनों में दक्षता, रिकॉर्ड प्रबंधन और कार्यस्थल कार्य प्रणालियों को मजबूत कर रहा है।

