जरात के डीजीपी को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी), भारत ने एक मीडिया रिपोर्ट का स्वत: संज्ञान लिया है कि 1 सितंबर, 2025 को गुजरात के राजकोट जिले के गांधीग्राम पुलिस स्टेशन में 17 वर्षीय लड़के को पुलिस हिरासत में प्रताड़ित किया गया था। कथित तौर पर, यह घटना 6 अक्टूबर, 2025 को सोशल मीडिया पर यातना का वीडियो सामने आने के बाद सामने आई ।
आयोग ने पाया है कि मीडिया रिपोर्ट की सामग्री, अगर सच है, तो लड़के के मानवाधिकार उल्लंघन का गंभीर मुद्दा उठाती है। इसलिए, आयोग ने गुजरात के पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो हफ़्ते के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
7 अक्टूबर, 2025 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार , घटना के वीडियो में एक पुलिस अधिकारी लड़के के सिर से बाल खींचते हुए दिखाई दे रहा था, जबकि अन्य पुलिस अधिकारी हँस रहे थे। बताया जा रहा है कि 1 सितंबर, 2025 की रात को , लड़के को एक दिन पहले हुई चाकूबाजी की घटना के सिलसिले में हिरासत में लिया गया था। नाबालिग और उसके साथियों को हिरासत में लिया गया और बाद में एक किशोर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे किशोर सुधार गृह भेज दिया गया। लगभग दो हफ़्ते बाद उसे ज़मानत पर रिहा कर दिया गया।
***









