प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रमुख पहल, परीक्षा पे चर्चा (पीपीसी) के लिए पंजीकरण ने एक ऐतिहासिक मील का पत्थर पार कर लिया है, जिसमें 30 दिसंबर, 2025 तक छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के 3 करोड़ से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं ।
इस जबरदस्त प्रतिक्रिया से कार्यक्रम की बढ़ती लोकप्रियता और छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में इसकी सफलता झलकती है, साथ ही यह परीक्षाओं के प्रति सकारात्मक और आत्मविश्वासपूर्ण दृष्टिकोण को भी बढ़ावा देता है। व्यापक भागीदारी से यह साबित होता है कि ‘ परीक्षा पे चर्चा’ एक सच्चा जन आंदोलन है , जो देश भर के शिक्षार्थियों और शिक्षकों के बीच गहरा प्रभाव छोड़ रहा है।
परीक्षा पे चर्चा 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 1 दिसंबर, 2025 को MyGov पोर्टल पर शुरू हो गए । शिक्षा मंत्रालय के अधीन विद्यालय शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित यह पहल, सीखने और संवाद के एक बहुप्रतीक्षित उत्सव के रूप में विकसित हुई है, जो छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को एक साझा मंच पर लाती है।









