ANN Hindi

उर्वरक विभाग ने उल्लेखनीय उपलब्धियों के साथ विशेष अभियान 5.0 का सफलतापूर्वक समापन किया

उर्वरक विभाग (डीओएफ) ने अपने संबद्ध कार्यालय और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) के साथ मिलकर 2 से 31 अक्टूबर, 2025 तक आयोजित विशेष अभियान 5.0 का सफलतापूर्वक समापन किया। इस अभियान का उद्देश्य प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुरूप स्वच्छता को संस्थागत बनाना और सरकारी कार्यालयों में लंबित मामलों को कम करना था।

अभियान अवधि के दौरान, उर्वरक विभाग और उसके सार्वजनिक उपक्रमों ने रिकॉर्ड रिटेंशन शेड्यूल के अनुसार पुराने अभिलेखों (भौतिक और ई-फाइलें, दोनों) की समीक्षा और उन्हें हटाने में उल्लेखनीय प्रगति की। संसदीय आश्वासनों को पूरा करने, जन शिकायतों के निपटारे, कागजी कार्रवाई को कम करने और कार्यस्थल की दक्षता बढ़ाने तथा अतिरिक्त उपयोगी स्थान बनाने के लिए ई-कचरे और कबाड़ सामग्री के कुशल निपटान को सुनिश्चित करने पर भी ध्यान केंद्रित किया गया।

विशेष अभियान 5.0 के परिणामस्वरूप 6.49 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ और कबाड़ व अनावश्यक सामग्री के निपटान से 1,50,444 वर्ग फुट कार्यालय स्थान खाली हुआ। कुल 4,595 भौतिक फाइलों की पहचान की गई और उनकी समीक्षा की गई, जिनमें से 1,376 को हटा दिया गया। इसके अतिरिक्त, अभियान अवधि के दौरान 4,663 ई-फाइलों की समीक्षा की गई और 3,900 फाइलों को बंद कर दिया गया।

व्यापक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए, उर्वरक विभाग और उसके सार्वजनिक उपक्रमों ने स्वच्छता विशेष अभियान 5.0 के अंतर्गत जागरूकता गतिविधियाँ भी चलाईं। अभियान के दौरान अपनाई गई विभिन्न पहलों और सर्वोत्तम प्रथाओं पर प्रकाश डालते हुए, एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 36 से अधिक आधिकारिक पोस्ट साझा किए गए।

विशेष अभियान 5.0 की प्रगति पर प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) द्वारा प्रबंधित समर्पित पोर्टल www.scdpm.gov.in के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी गई । उर्वरक विभाग ने अभियान अवधि के दौरान नवीनतम जानकारी और उपलब्धियों के साथ पोर्टल को नियमित रूप से अपडेट किया।

Share News Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!