केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने इजराइल की अपनी सफल यात्रा (20-22 नवंबर 2025) पूरी की, जिसके दौरान उन्होंने भारत-इजराइल रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से कई उच्च स्तरीय बैठकें कीं।
इस यात्रा में इजरायल के अर्थव्यवस्था और उद्योग मंत्री श्री नीर बरकत, वित्त मंत्री श्री बेजेल स्मोट्रिच, कृषि और खाद्य सुरक्षा मंत्री श्री एवी डिचर के साथ द्विपक्षीय बैठकें शामिल थीं तथा इजरायल के राष्ट्रपति महामहिम श्री इसाक हर्जोग और इजरायल के प्रधानमंत्री महामहिम श्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकातें भी शामिल थीं।
इज़राइल के अर्थव्यवस्था एवं उद्योग मंत्री, श्री नीर बरकत के साथ चर्चा में मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर चर्चा हुई। इस चर्चा का एक प्रमुख आकर्षण भारत-इज़राइल मुक्त व्यापार समझौते (India-Israel Free Trade Agreement) के लिए संदर्भ शर्तों पर हस्ताक्षर थे, जो एक संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी परिणाम के लिए संरचित वार्ता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इज़राइल के वित्त मंत्री, श्री बेज़ेलेल स्मोट्रिच के साथ चर्चा में बुनियादी ढाँचे, खनन के क्षेत्र में भारतीय कंपनियों के लिए अवसरों और इज़राइल में भारतीय कामगारों के लिए अवसरों पर चर्चा हुई। इज़राइल के कृषि एवं खाद्य सुरक्षा मंत्री, श्री एवी डिचर के साथ चर्चा में इज़राइल की दीर्घकालिक खाद्य सुरक्षा रणनीति, बीज-सुधार प्रौद्योगिकियों और कृषि जल-पुनर्उपयोग में नेतृत्व पर चर्चा हुई।
श्री गोयल ने भारत-इज़राइल व्यापार मंच और सीईओ मंच में भाग लिया, जिसमें दोनों पक्षों की ओर से उद्योग जगत की मज़बूत भागीदारी देखी गई। 250 से ज़्यादा बी2बी बैठकें भी आयोजित की गईं। अपने संबोधन में, श्री गोयल ने इज़राइली नवप्रवर्तकों और व्यवसायों, विशेष रूप से प्रौद्योगिकी, कृषि प्रौद्योगिकी, जल प्रौद्योगिकी, रक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, वित्तीय प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्वांटम कंप्यूटिंग, फार्मास्यूटिकल्स और अंतरिक्ष के क्षेत्रों में, के लिए भारत की अपार संभावनाओं पर ज़ोर दिया।
मंत्री ने चेक प्वाइंट, आईडीई टेक्नोलॉजीज, एनटीए और नेटाफिम सहित प्रमुख इज़रायली कंपनियों के नेतृत्व के साथ बातचीत की, जिसमें क्रमशः साइबर सुरक्षा, विलवणीकरण और अपशिष्ट जल प्रबंधन, मेट्रो और शहरी गतिशीलता समाधान और सटीक कृषि में साझेदारी पर ध्यान केंद्रित किया गया।
मंत्री महोदय ने पेरेस सेंटर फॉर पीस एंड इनोवेशन का दौरा किया, जहाँ उन्हें इज़राइल के विश्व-प्रसिद्ध नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने मोबाइलआई द्वारा स्वचालित ड्राइविंग प्रदर्शन का भी आनंद लिया और इज़राइल के टिकाऊ कृषि और ग्रामीण विकास के समुदाय-संचालित मॉडलों को समझने के लिए किबुत्ज़ रमत राचेल का भी दौरा किया।
श्री गोयल ने भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल, भारतीय और इज़राइली मीडिया, हीरा समुदाय और इज़राइल में भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात की। उन्होंने इज़राइल संग्रहालय और भारतीय धर्मशाला सहित इज़राइल के प्रमुख सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का दौरा किया।
मंत्री नीर बरकत ने भारत और इज़राइल के प्रमुख उद्योग सदस्यों के साथ श्री गोयल के सम्मान में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया। मंत्री नीर बरकत, इज़राइल में भारतीय दूतावास द्वारा श्री गोयल के सम्मान में आयोजित सामुदायिक स्वागत समारोह के मुख्य अतिथि भी थे।
यात्रा के अंतिम दिन, श्री गोयल ने इजराइल के राष्ट्रपति, महामहिम श्री इसाक हर्जोग और इजराइल के प्रधानमंत्री, महामहिम श्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी मुलाकात की और उन्हें भारत-इजराइल व्यापार मंच और सीईओ फोरम की सफल बैठकों के बारे में जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने कृषि, जल, रक्षा, साइबर सुरक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा नवाचार के क्षेत्रों में द्विपक्षीय आर्थिक और रणनीतिक सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की।
साथ आए 60 से अधिक भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने इजराइल में महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा भी किया – जिसमें पेरेस सेंटर फॉर पीस एंड इनोवेशन में नवाचार, चेक प्वाइंट में साइबर सुरक्षा नेतृत्व, शीबा अस्पताल में स्वास्थ्य सेवा में प्रगति, तथा कृषि-फार्म दौरे के दौरान टिकाऊ खेती में सर्वोत्तम प्रथाओं का अवलोकन किया गया।
इस यात्रा ने आर्थिक संबंधों को गहरा करने, प्रौद्योगिकी-संचालित सहयोग में तेजी लाने और सामरिक महत्व के क्षेत्रों में साझेदारी का विस्तार करने के लिए दोनों देशों की मजबूत प्रतिबद्धता की पुष्टि की, जो भारत-इज़राइल संबंधों के अगले चरण में एक महत्वपूर्ण कदम है।
***









