भारतीय वायु सेना (IAF) ड्रोनथॉन-2026 का आयोजन कर रही है, जिसका उद्देश्य घरेलू निर्माताओं को मानवरहित हवाई प्रणालियों (UAS) और मानवरहित हवाई प्रणालियों की प्रतिकार (CUAS) में अपनी क्षमताओं और प्रगति को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है। इस आयोजन का उद्देश्य हितधारकों को उभरती हुई ड्रोन और प्रतिकार ड्रोन प्रौद्योगिकियों के साथ-साथ उनके परिचालन प्रदर्शन को देखने और आपसी ज्ञानवर्धन को बढ़ावा देने में सहायता करना है।
यह आयोजन 14 से 16 सितंबर 2026 तक पोखरण रेंज, जैसलमेर में आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थिर प्रदर्शन और प्रत्यक्ष प्रदर्शन शामिल होंगे। इससे समकालीन समाधानों की पहचान करने और उनकी युद्ध प्रभावशीलता का मूल्यांकन करने में मदद मिलेगी। प्रमुख फोकस क्षेत्रों में निगरानी और टोही, स्वायत्त संचालन, झुंड प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध शामिल हैं।
आत्मनिर्भर भारत की राष्ट्रीय परिकल्पना के अनुरूप, ड्रोनथॉन-2026 का उद्देश्य उद्योग विशेषज्ञों, स्टार्टअप्स और नवप्रवर्तकों को एकीकृत करके स्वदेशी रक्षा प्रणाली को मजबूत करना है। इन पहलों के माध्यम से, भारतीय वायु सेना तेजी से बदलते परिचालन परिवेश में सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने में सक्षम, तकनीकी रूप से उन्नत, स्वदेशी और भविष्य के लिए तैयार बल के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।









