भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन 6 से 9 सितंबर, 2026 तक असम, मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश की चार दिवसीय यात्रा पर रहेंगे।
अपनी यात्रा के दौरान, उपराष्ट्रपति ऐतिहासिक, सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों का दौरा करने के अलावा कई शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
6 सितंबर को उपराष्ट्रपति असम के गुवाहाटी पहुंचेंगे। वे कन्या महाविद्यालय के नाम से जाने जाने वाले गीता नगर कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे गुवाहाटी स्थित श्रीमंत शंकरदेव स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (एसएसयूएचएस) के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे।
7 सितंबर को उपराष्ट्रपति गौहाटी विश्वविद्यालय में शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसके बाद वे विश्वविद्यालय के कन्वेंशन सेंटर में छात्रों, संकाय सदस्यों और प्रमुख नागरिकों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद वे मेघालय के शिलांग के लिए रवाना होंगे, जहां वे सोसो थाम सभागार में एक सार्वजनिक स्वागत समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेंगे।
8 सितंबर को उपराष्ट्रपति मणिपुर के इम्फाल का दौरा करेंगे। वे मोइरांग स्थित आईएनए संग्रहालय और युद्ध स्मारक तथा इम्फाल के सैनिक विद्यालय का दौरा करेंगे। इसके बाद वे अरुणाचल प्रदेश के इटानगर के लिए रवाना होंगे।
9 सितंबर को उपराष्ट्रपति अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में भाग लेंगे और विधानसभा गैलरी-सह-संग्रहालय का दौरा करेंगे। वे न्येदार नामलो, इटानगर स्थित जवाहरलाल नेहरू राज्य संग्रहालय और श्रवण एवं दृष्टिबाधित बच्चों के लिए डोनी पोलो मिशन विद्यालय का भी दौरा करेंगे।









