केंद्रीय वित्त मंत्री संयुक्त राष्ट्र द्वारा आयोजित विकास के लिए वित्तपोषण पर चौथे अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन (एफएफडी4) को संबोधित करेंगी
। वित्त मंत्री श्रीमती सीतारमण भारत की गवर्नर के रूप में न्यू डेवलपमेंट बैंक (एनडीबी) की 10वीं वार्षिक बैठक को संबोधित करेंगी और रियो डी जेनेरियो में पहली ब्रिक्स वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक (एफएमसीबीजी) में भी भाग लेंगी।
केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण 30 जून से 5 जुलाई 2025 तक स्पेन, पुर्तगाल और ब्राजील की आधिकारिक यात्रा पर वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग के भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगी।
सेविले, स्पेन की अपनी यात्रा के दौरान, केंद्रीय वित्त मंत्री संयुक्त राष्ट्र द्वारा आयोजित विकास के लिए वित्तपोषण पर चौथे अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन (एफएफडी4) में भाग लेंगी और भारत की ओर से एक वक्तव्य देंगी।
केंद्रीय वित्त मंत्री सेविले में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंच नेतृत्व शिखर सम्मेलन में भाग लेंगी और मुख्य भाषण देंगी। इस शिखर सम्मेलन का विषय होगा “एफएफडी4 के परिणाम से कार्यान्वयन तक: सतत विकास के लिए निजी पूंजी की क्षमता का दोहन”। एफएफडी4 के दौरान श्रीमती सीतारमण जर्मनी, पेरू और न्यूजीलैंड के वरिष्ठ मंत्रियों और यूरोपीय निवेश बैंक (ईआईबी) के अध्यक्ष से मुलाकात करेंगी।
पुर्तगाल के लिस्बन की अपनी यात्रा के दौरान, केंद्रीय वित्त मंत्री की पुर्तगाल के वित्त मंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक होने की संभावना है; इसके अलावा वह प्रमुख निवेशकों और भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत भी करेंगी।
रियो डी जेनेरियो में, केंद्रीय वित्त मंत्री भारत के गवर्नर के रूप में न्यू डेवलपमेंट बैंक (एनडीबी) की 10वीं वार्षिक बैठक को संबोधित करेंगे और ब्रिक्स वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक (एफएमसीबीजी) में भी भाग लेंगे।
एनडीबी बैठकों के भाग के रूप में, श्रीमती सीतारमण एनडीबी फ्लैगशिप गवर्नर्स सेमिनार के दौरान “ग्लोबल साउथ के लिए एक प्रमुख बहुपक्षीय विकास बैंक का निर्माण” विषय पर एक संबोधन भी देंगी।
एनडीबी बैठकों के दौरान, केंद्रीय वित्त मंत्री ब्राजील, चीन, इंडोनेशिया और रूस के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगी।
****
एनबी/केएमएन









