भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान (एनआईएन) ने पुणे के येवलेवाड़ी स्थित अपने प्रमुख निसर्ग ग्राम परिसर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बैचलर ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज (बीएनवाईएस) कार्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आयुष मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्त संगठन, एनआईएन, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान के माध्यम से प्राकृतिक चिकित्सा और योग को बढ़ावा देकर महात्मा गांधी की विरासत और दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रहा है। एनआईएन देश का पहला केंद्रीय सरकारी संस्थान है जो नई दिल्ली स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्धता प्राप्त करके बीएनवाईएस कार्यक्रम प्रदान करता है। यह प्राकृतिक चिकित्सा और योग में संस्थागत शिक्षा और शैक्षणिक मानकों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
साढ़े पाँच वर्ष का पूर्णकालिक आवासीय बीएनवाईएस कार्यक्रम, साढ़े चार वर्ष के अकादमिक और नैदानिक प्रशिक्षण से युक्त है, जिसके बाद एक वर्ष का अनिवार्य रोटेटरी आवासीय इंटर्नशिप (सीआरआरआई) होता है। यह कार्यक्रम प्राकृतिक चिकित्सा और योग में व्यापक नैदानिक अनुभव के साथ एकीकृत अकादमिक शिक्षा प्रदान करता है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कुल 100 सीटें उपलब्ध हैं।
मान्यता प्राप्त बोर्ड से भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान (पीसीबी) और अंग्रेजी विषयों के साथ 10+2 या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले और निर्धारित पात्रता एवं चिकित्सा फिटनेस आवश्यकताओं को पूरा करने वाले उम्मीदवार आवेदन करने के पात्र हैं। NEET-UG 2026 में उपस्थित होने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। शेष रिक्त सीटों को निर्धारित प्रवेश प्रक्रिया और आरक्षण मानदंडों के अनुसार 10+2 पीसीबी मेरिट के आधार पर भरा जाएगा।
25 एकड़ में फैला प्रमुख निसर्ग ग्राम परिसर, 250 बिस्तरों वाला प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल, शैक्षणिक और अनुसंधान सुविधाएं, लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग आवासीय छात्रावास, अत्याधुनिक योग कक्ष और आधुनिक प्राकृतिक चिकित्सा उपचार अवसंरचना से सुसज्जित है। यह परिसर शिक्षा, नैदानिक प्रशिक्षण, अनुसंधान और स्वास्थ्य के लिए एक एकीकृत वातावरण प्रदान करता है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 29 सितंबर 2026 से शुरू हुई और 19 अक्टूबर 2026 को शाम 5:00 बजे बंद हो जाएगी। अनंतिम मेरिट सूची 27 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी, जिसके बाद अंतिम मेरिट/प्रतीक्षा सूची 30 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी। काउंसलिंग 12-13 नवंबर और 18-19 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी, जबकि कक्षाएं 30 नवंबर 2026 से शुरू होंगी।
विस्तृत विवरणिका, शुल्क संरचना और आवेदन संबंधी जानकारी एनआईएन की वेबसाइट www.ninpune.ayush.gov.in पर उपलब्ध है ।
प्रवेश हेल्पलाइन: +91 7965220180, 9511693564
ईमेल: admission@bnysnin.in

