ANN Hindi

मुंबई के बिशप समेत तीन को 77 लाख रुपये अदा करने का नोटिस

बरेली। क्लेरा स्वेन मिशन अस्पताल और नार्थ इंडिया थियोलॉजिकल कॉलेज के पदाधिकारियों को 77 लाख रुपये तत्काल जमा करने का नोटिस जारी हुआ है। इसके लिए तहसीलदार सदर ने एक सप्ताह का मौका दिया है। इसके बाद भी रकम जमा नहीं होने पर कार्रवाई के लिए चेताया है।

तहसीलदार सदर भानु प्रताप सिंह की ओर से 23 जुलाई को जारी नोटिस में कहा गया है कि अस्पताल के के निदेशक/चेयरमैन मुंबई निवासी बिशप डॉ. अनिल कुमार सरवन्द से 73.70 लाख रुपये की वसूली होनी है। इनके विरुद्ध उपायुक्त श्रम के स्तर से इस रकम की वसूली के लिए पूर्व में भी आरसी जारी हो चुकी है। वसूली के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व को निर्देश भी हुए हैं।

बताया कि तहसील प्रशासन पूर्व में आरसी को तामील भी करा चुका है, लेकिन बकायेदार ने धनराशि जमा नहीं कराई। इस पर निदेशक/चेयरमैन की चल संपत्ति कुर्क करने का आदेश भी जारी हुआ था, पर कार्रवाई नहीं हो पाई थी।

डॉरिस नेथन के मामले में भी वसूली का आदेश
उपायुक्त श्रम ने 16 मार्च को सिविल लाइंस बरेली निवासी डॉरिस नेथन के मामले में आरोपियों से वसूली का आदेश पारित किया था। डॉरिस नेथन ने अपने दिवंगत पति जेआर नेथन की बकाया ग्रेच्युटी के 3.25 लाख रुपये नाॅर्थ इंडिया थियोलॉजिकल कॉलेज व अन्य से मांगे थे। इस मामले में नार्थ इंडिया थियोलॉजिकल कॉलेज के एग्जीक्यूटिव सेक्रेटरी सुनील मसीह, हनुक बी रान और मुंबई के बिशप डॉ. अनिल कुमार सरवन्द को तहसीलदार ने नोटिस जारी कर रकम जमा कराने के लिए कहा है। संवाद

Share News Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!