ANN Hindi

ट्राई ने एक साल में 21 लाख से अधिक फर्जी नंबरों और एक लाख संस्थाओं पर कार्रवाई की

ट्राई ने सभी मोबाइल उपयोगकर्ताओं से आग्रह किया है कि वे अपने फोन पर कॉल ब्लॉक करने के साथ-साथ ट्राई डीएनडी ऐप के माध्यम से स्पैम और धोखाधड़ी की रिपोर्ट भी करें।

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने एक परामर्श जारी कर नागरिकों से ट्राई डीएनडी ऐप के माध्यम से स्पैम कॉल/एसएमएस की रिपोर्ट करने का आग्रह किया है । इसमें इस बात पर प्रकाश डाला गया है कि केवल व्यक्तिगत डिवाइस पर नंबर ब्लॉक करने से स्पैम को स्रोत पर नहीं रोका जा सकता है।

पिछले एक साल में, नागरिकों की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए, ट्राई ने स्पैम और धोखाधड़ी वाले संदेश भेजने में शामिल 21 लाख से ज़्यादा मोबाइल नंबरों और लगभग एक लाख संस्थाओं को डिस्कनेक्ट और ब्लैकलिस्ट किया है । यह दर्शाता है कि उपयोगकर्ताओं द्वारा सामूहिक रूप से की गई रिपोर्टिंग देश भर में दूरसंचार दुरुपयोग को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

यह बड़े पैमाने पर कार्रवाई इसलिए संभव हो पाई क्योंकि नागरिकों ने आधिकारिक ट्राई डीएनडी ऐप के ज़रिए स्पैम की सूचना दी थी । जब कोई उपयोगकर्ता ट्राई डीएनडी ऐप पर स्पैम कॉल या एसएमएस की सूचना देता है , तो इससे ट्राई और दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को मोबाइल नंबरों का पता लगाने, उन्हें सत्यापित करने और स्थायी रूप से डिस्कनेक्ट करने की सुविधा मिलती है । इसके विपरीत, फ़ोन पर किसी नंबर को ब्लॉक करने से वह आपके निजी डिवाइस पर छिप जाता है – इससे स्कैमर को नए नंबरों का उपयोग करके दूसरों से संपर्क करने से नहीं रोका जा सकता ।

सार्वजनिक सलाह

नागरिकों को सलाह दी जाती है कि:

  • आधिकारिक ऐप स्टोर से TRAI DND ऐप डाउनलोड करें
  • स्पैम एसएमएस/कॉल को फोन पर ब्लॉक करने के बजाय ट्राई डीएनडी ऐप का उपयोग करके रिपोर्ट करें, ताकि अपराधियों की पहचान करने और उन्हें डिस्कनेक्ट करने में मदद मिल सके।
  • कॉल, संदेश या सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत या बैंकिंग विवरण साझा करने से बचें
  • धमकी भरे या संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत कनेक्शन काट दें
  • साइबर धोखाधड़ी की रिपोर्ट राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन (1930) या www.cybercrime.gov.in पर करें।
  • संचार साथी के “चक्षु” फीचर का उपयोग करके दूरसंचार संसाधनों के दुरुपयोग के माध्यम से धोखाधड़ी के प्रयास की रिपोर्ट करें

प्राधिकरण सभी नागरिकों के लिए एक सुरक्षित, संरक्षित और विश्वसनीय दूरसंचार वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। स्पैम को स्रोत पर ही रोकने के लिए निरंतर प्रवर्तन कार्रवाई, प्रौद्योगिकी-संचालित निगरानी और ट्राई डीएनडी ऐप के माध्यम से जनभागीदारी आवश्यक है।

ट्राई सभी नागरिकों से – विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, महिला उपयोगकर्ताओं और डिजिटल रूप से नए या कम अनुभवी दर्शकों से – सतर्क रहने, इस परामर्श को साझा करने और किसी भी संदिग्ध संचार की तुरंत रिपोर्ट करने का आग्रह करता है।

Share News Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!