ANN Hindi

भारतीय तटरक्षक बल ने प्रथम जहाज निर्माण, स्वदेशीकरण और आईटी सम्मेलन की मेजबानी की

भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने 27 नवंबर, 2025 को कर्नाटक के मदिकेरी में प्रथम जहाज निर्माण, स्वदेशीकरण और आईटी सम्मेलन का आयोजन किया, जो भारत की समुद्री क्षमताओं को मज़बूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। इस आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण आईसीजी और कोयंबटूर जिला लघु उद्योग संघ तथा रक्षा नवाचार एवं अटल इनक्यूबेशन केंद्र के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होना था। इस साझेदारी का उद्देश्य कोयंबटूर में रक्षा नवाचार केंद्र के माध्यम से रक्षा नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को मज़बूत करना और स्वदेशीकरण प्रयासों में तेज़ी लाना है।

 

अपने उद्घाटन भाषण में, महानिदेशक, आईसीजी, परमेश शिवमणि ने स्वदेशी डिज़ाइन, मज़बूत डिजिटल बुनियादी ढाँचे और लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं के माध्यम से जहाज निर्माण में आत्मनिर्भरता के रणनीतिक महत्व पर ज़ोर दिया। उन्होंने आईसीजी की परिचालन तत्परता को बढ़ावा देने में भारतीय शिपयार्ड और उपकरण निर्माताओं के निरंतर सहयोग की सराहना की। उन्होंने 200 वें स्वदेश निर्मित पोत (चौथा प्रदूषण नियंत्रण पोत) की सफल प्रगति पर भी प्रकाश डाला, जिसका वर्तमान में समुद्री परीक्षण चल रहा है। उन्होंने इसे आईसीजी के टेक्नोक्रेट्स की तकनीकी दक्षता और इंजीनियरिंग उत्कृष्टता का प्रतीक बताया।

आईसीजी महानिदेशक ने प्रोजेक्ट डिजिटल कोस्ट गार्ड की प्रगति का विस्तृत विवरण दिया, जो सभी आईसीजी इकाइयों के लिए एक सुरक्षित, मापनीय और सुदृढ़ डिजिटल आधार तैयार करने की एक दीर्घकालिक पहल है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि डिजिटल विस्तार को मज़बूत साइबर सुरक्षा ढाँचों के साथ जोड़ा जाना चाहिए। सम्मेलन के दौरान, उन्होंने तीन दस्तावेज़ भी जारी किए: ‘भारतीय तटरक्षक बल में जहाज निर्माण का इतिहास’ नामक ई-पुस्तक का टीज़र; आईसीजी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का रोडमैप और आईसीजी साइबर संकट प्रबंधन योजना-2025, ये सभी दस्तावेज़ तकनीकी प्रगति, डिजिटल क्षमता निर्माण और भविष्य के लिए तैयारियों के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को पुष्ट करते हैं।

इस सम्मेलन ने हितधारकों के बीच मूल्यवान आदान-प्रदान, दृष्टिकोणों को संरेखित करने और आईसीजी की भविष्य की आवश्यकताओं को आकार देने हेतु तालमेल को बढ़ावा देने में मदद की। यह तकनीकी रूप से उन्नत, परिचालन रूप से श्रेष्ठ और पूर्णतः स्वदेशी समुद्री बल के निर्माण की दिशा में एक निर्णायक कदम था। वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों, अग्रणी शिपयार्डों, उपकरण निर्माताओं, वर्गीकरण समितियों और समुद्री क्षेत्र के विषय-विशेषज्ञों को एक साथ लाकर, इस सम्मेलन ने आत्मनिर्भर भारत को आगे बढ़ाने, तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने और आईसीजी के डिजिटल परिवर्तन में तेज़ी लाने के लिए एक व्यापक मंच तैयार किया।

Share News Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!